सुर्खियां: 'दिन में सुओ रात में जुओ ' , दुर्घटनाएं करते टिपर पंचायतों में महिलाओं का दिखावटी प्रतिनिधित्व
खबर सबसे पहले
हरीश बी.शर्मा। दीपावली पर जुआ खेलकर शगुन मनाते हुए कई घर तबाह हो गए हैं। इस बार भी 'दिन में सुओ, रात ने जुओ' की उक्ति चरितार्थ है। प्रशासन के अपने दावे हैं, लेकिन रूढिय़ों और परंपराओं की गुत्थी आपस में इतनी उलझी हुई होती है कि परंपरा कब रूढि़ बन जाती है, जी का जंजाल बनने तक समझ नहीं आती। बहरहाल, इस बार भी जुआ बदस्तूर है। इस बीच बीकानेर प्रशासन के सामने नशा और विदेशी हथियारों के बड़े नेटवर्क ने नींद हराम कर रखी है। हालांकि, दबे स्वर में यह कहा जा रहा है कि इस नेटवर्क का पुलिस वालों को पता था, लेकिन कार्रवाई नहीं होती थी। इस बार कार्रवाई हो रही है। हेरोइन, आरडीएक्स और विदेशी हथियारों की बीकानेर से होने वाली तस्करी के मिले सबूतों ने सीधे तौर पर बीकानेर के लॉ-एंड-ऑर्डर के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। 41 विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं। ऐसे में कितने बेच दिए होंगे, किसके पास हिसाब होगा। 124 किलो हेरोइन बरामद की गई है। आरडीएक्स मिला है। जाने कितना इस दौरान आया होगा। बेचा गया होगा। इसका सीधा अर्थ है कि आपराधिक मानसिकता वाले लोगों में बड़ी संख्या में इजाफा हुआ है। नशा लेने वालों की तादाद बढ़ी है। जुआ-सट्टा, ब्याज-बट्टा में शहर पहले से ही दबा हुआ था। नशे-पत्ते में और उलझ गया है, पहले से ही यहां अवसरों की कमी थी। सरकारी कर्मचारियों की वजह से बहुत सारे घर चल रहे थे, लेकिन सत्तर-अस्सी के दशक में जबर्दस्ती सरकारी महकमों में लगाए गए सरकारी कर्मचारियों का जैसे-जैसे रिटायरमैंट हुआ और नये युवकों को सरकारी नौकरियां मिलनी बंद हुई, शहर में अचानक से आजीविका के लिए रोजगार की समस्या खड़ी हुई। काम-धंधा नहीं बना तो नशे की लत लगी। अपराध में प्रवृत्त हुए और अब तो कुछ लोगों ने नशा बेचने का काम भी शुरू कर दिया है। पुलिस ने जिस नार्को-टेरर के नेटवर्क को पकड़ा है, उसमें अधिकतर वही हैं जिन्हें पहले नशे की लत लगी और फिर वे नशा बेचने का काम भी करने लगे।
ऐसे लोगों के लिए क्या तो दीवाली और क्या त्योंहार। लेकिन ऐसे लोगों की कमी नहीं हैं, जो अभी भी आस लगाए बैठे हैं। दीपावली के त्योहार पर शहर में सफाई, रोशनी और समृद्धि देखना चाहते हैं। महापौर ने दीपावली पर शहर को जगमग करने की बात कही है। लोगों का कहना है कि कायदे से रोड-लाइट ही जलने लगे तो बड़ी बात होगी।
सफाई व्यवस्था के लिए निगम के द्वारा लगाए गए टिपर भी अनियंत्रित होते जा रहे हैं। हालांकि, इसमें नये पुराने ठेकेदारों की आपसी खींचतान की कहानी है, लेकिन जो गलत हो रहा है, उससे इनकार नहीं किया जा रहा है। जिन लोगों ने शहर की सफाई व्यवस्था को संभाला है, वे राहगीरों को टक्कर मारते हुए निकल रहे हैं। सात-आठ ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जिसमें इन टिपर से लोग गंभीर रूप से चोटिल होकर अस्पताल में पहुंच गए हैं।
पंचायत चुनाव के तीसरे और चौथे चरण की तैयारियां तेज हैं। 4 और 5 नवंबर और फिर 14 नवंबर को चुनाव होने हैं। सरपंच के चुनावों में बड़े-बड़े दावे सामने आ रहे हैं, लेकिन महिलाओं का प्रतिनिधित्व आज भी वही है। महिलाएं सिर्फ नाम की है। चुनाव पुरुष ही लड़ रहे हैं। महिलाओं को आरक्षण जरूर मिल रहा है, लेकिन बराबरी नहीं मिल रही है।
अगर ऐसे ही हालात रहे तो राजस्थान में महिलाओं का प्रतिनिधित्व आने वाले पचास साल में भी नहीं सुधर पाएगा। हालांकि, इस बीच कुछ अच्छे संकेत भी सामने आए हैं। पढ़ी-लिखी युवतियां महिलाओं की आरक्षित सीटों पर चुनाव लडऩे के लिए आगे आई हैं, लेकिन यह कहीं-कहीं ही देखने को मिलता है, ज्यादातर मामलों में जिस क्षेत्र में महिलाओं के लिए सीट आरक्षित है, वहां से वही चुनाव लड़ रहे हैं, जिन्होंने पहले से तैयारी की थी। मात्र नाम बदलता है। बाकी मैदान में जनसंपर्क से लेकर चुनावी मैनेजमैंट और विजयी जुलूस भी सरपंच पति या सरपंच प्रतिनिधि का ही निकाला जाता है। यह त्रासदी है या नियति, कुछ भी हो बहुत क्रूर है। साहिर का शेर है।
कभी खुद पे कभी हालात पे रोना आया
बात निकली तो हर इक बात पे रोना आया
लेखक
हरीश बी शर्मा
पत्रकारिता का लंबा अनुभव। दैनिक भास्कर सहित लोकमत, निर्भय कलम, लॉयन एक्सप्रेस आदि अखबारों में बतौर पत्रकार कार्य किया। राजसूय के सलाहकार संपादक। राजसूय के संस्थापकों में से एक।